गदर- 2 ने पहले वीकेंड में ही मारी सेंचुरी, सिर्फ 3 दिन की कमाई से तोड़े कई रिकार्ड्स
संवाददाता/in24news
22 साल बाद थिएटर्स में लौटे तारा सिंह ने एक बार फिर से बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया है. 'गदर 2' को जनता फिर से वैसा ही प्यार दे रही है, जैसा 2001 में आई 'गदर' को मिला था. सनी देओल की फिल्म ने पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स तोड़ने का मिशन शुरू कर दिया था. दूसरे दिन के शानदार जंप और संडे के धुआंधार कलेक्शन के बाद 'गदर 2' ने पहले वीकेंड में ही 100 करोड़ से कहीं ज्यादा कमाई कर डाली है. शुक्रवार को फिल्म ने इस साल बॉलीवुड के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग जुटाई और इशारा कर दिया कि आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाका होने वाला है. सिर्फ दो ही दिन में 'गदर 2' सनी देओल के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन गई. संडे को फिल्म ने एक बार फिर ऐसा जंप लिया जो बॉक्स ऑफिस पर बहुत कम ही देखने को मिलता है. अब 3 दिन की कमाई से ही 'गदर 2' ने ऐसे कमाल कर दिए हैं, जो बताता है कि जनता को इस फिल्म में फुल एंटरटेनमेंट मिल रहा है. फिल्मों के लिए पहले 3 दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेना एक बहुत तगड़ा अचीवमेंट होता है. लेकिन 'गदर 2' ने बड़े आराम से ये काम किया और ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ से भी काफी आगे निकल गई. शुक्रवार को 40 करोड़ और शनिवार को 43 करोड़ के कलेक्शन के साथ, दो दिन में ही फिल्म की कमाई 83 करोड़ थी. रविवार की ट्रेड रिपोर्ट्सका अनुमान कहता है कि तीसरे दिन फिल्म ने 51 से 52 करोड़ रुपये तक का कलेक्शन किया है. यानी फाइनल रिपोर्ट्स में 'गदर 2' का कलेक्शन 134 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं.