लॉकडाउन में गरीबों को भोजन और पैसे से मदद करेंगे संजय दत्त
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरी दुनिया पर कोरोना वायरस का जानलेवा साया मंडरा रहा है. ऐसे में कई लोग लॉकडाउन के तहत बेहद परेशानियों का सामना कर रहे हैं. अनेक सामाजिक संस्थाएं बढ़-चढ़कर समाज में ज़रूरतमंदों की मदद भोजन देकर कर रहे हैं तो कुछ राशन देकर. इसी बीच एक्टर संजय दत्त ने एक हजार जरूरतमंद परिवार को खाना खिलाने का निर्णय लिया है। लॉकडाउन के दौरान लोग अपने घरों पर रहने के लिए मजबूर हैं। रोजाना कमा कर खाने वाले के सामने संकट खड़ा हो गया है। बॉलीवुड सेलिब्रिटी इस संकट की घड़ी में मदद के लिए आगे आए हैं। अब संजय दत्त ने कहा कि वह एक हजार गरीब परिवार को खाना मुहैया कराएंगे। साथ ही उन्हें पैसे से भी मदद करेंगे। संजय दत्त ने कहा कि पूरी दुनिया के लिए यह एक ऐसा वक्त है जिसमें सभी लोग परेशान हैं। हर कोई एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आ रहा है। बॉलीवुड सेलिब्रिटी लोगों को घर में सुरक्षित रहने की सलाह दे रहे हैं, वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की भी अपील कर रहे हैं। संजय ने कहा कि मैं कोशिश कर रहा हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद कर सकूं। संजय दत्त ने हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह घर की छत पर वर्कआउट करते नजर आ रहे थे। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने लोगों से अपील की थी कि वह भी घर पर ही रहें और सुरक्षित रहें। वीडियो में संजय दत्त ने कहा कि खुद को फिट रखना बेहद जरूरी है, वह भी ऐसे समय में। इसलिए अच्छा खाएं, हेल्दी रहें और एक्सरसाइज करते रहें।