Breaking News

लॉकडाउन में बाहर घूमने पर टाइगर और दिशा पटनी पर मामला दर्ज़

03 Jun, 2021 1115

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। बांद्रा पुलिस स्टेशन डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे ने पुष्टि करते हुए बताया है कि इन दोनों के खिलाफ कोरोना प्रतिबंधों के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया गया है। बांद्रा पुलिस स्टेशन के पीआई धनावडे ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से मुंबई में दोपहर दो बजे के बाद बिना किसी कारण लोगों के इधर-उधर घूमने पर पाबंदी है, ऐसे में टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी इसके बावजूद शाम तक बांद्रा बस स्टैंड के निकट घूमते पाए गए। इतना ही नहीं ये दोनों घर से निकलने का वैध कारण पुलिस को नहीं बता सके थे। अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा दिये गए दिशानिर्देशों के अनुसार, अभी राज्य में आवश्यक दुकानों को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक खोलने का आदेश दिया है। राज्य में जून तक लॉकडाउन है। गौरतलब है कि बीते दिन दोनों के ड्राइव पर निकले की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं जो काफी तेजी से वायरल हुई। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोका था। खबरों के मुताबिक कार में दिशा आगे वाली सीट पर बैठी थीं और टाइगर पीछे सीट पर थे। ड्राइव एंजॉय करते दौरान दोनों को दूसरे राउंड के दौरान मुंबई पुलिस ने रोक लिया। हालांकि पुलिस ने उनका आधार कार्ड चेक किया और बाकी फॉर्मेलिटी पूरी करने के बाद दोनों को जाने दिया गया। फिलहाल दोनों अपने-अपने घर पर हैं।

अन्य खबरे