इंडियन आइडल 16 की विजेता बनीं ज्योतिर्मयी नायक कैंसर मरीजों के लिए गाने वाली थेरपिस्ट अब आलिया और दीपिका के लिए गाएंगी
इंडियन आइडल 16 का ताज आखिरकार ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक के सिर पर सजा है। उनकी जादुई आवाज और दिल छू लेने वाली कहानी ने जज और दर्शकों दोनों का दिल जीत लिया ज्योतिर्मयी सिर्फ एक अच्छी गायिका ही नहीं हैं। उनका एक बहुत संवेदनशील पहलू भी है। ऑडिशन में उन्होंने बताया था कि उन्हें अस्पतालों में जाकर मरीजों के लिए भजन और गीत गाना सबसे ज्यादा सुकून देता है। खासकर कैंसर मरीजों के लिए वो अपनी आवाज से सकारात्मक ऊर्जा फैलाने की कोशिश करती हैं। उनके लिए संगीत सिर्फ करियर नहीं, लोगों को भावनात्मक सहारा देने का जरिया है।
श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह तीनों उनकी संवेदनशीलता और टैलेंट से बहुत प्रभावित हुए। शो के दौरान ज्योतिर्मयी ने "बिन तेरे सनम", "आप जैसा कोई", "आई लव माय इंडिया" जैसे गानों पर ऐसी परफॉर्मेंस दी कि सबके होश उड़ गए। ओडिशा में पहले से मशहूर ज्योतिर्मयी अब राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। दर्शक उनके हर परफॉर्मेंस का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
खबर है कि अब ज्योतिर्मयी को बड़े मौके भी मिलने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक वो आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण जैसी अभिनेत्रियों के लिए भी गाना गा सकती हैं। कैंसर मरीजों के लिए थेरपी गाने वाली लड़की अब बड़े परदे पर भी अपनी आवाज सुनाएगी। ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी के साथ तनिष शुक्ला भी मजबूत दावेदार थे। दोनों की दमदार गायकी ने फिनाले को और खास बना दिया। सोशल मीडिया पर ज्योतिर्मयी की जीत की खूब चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि मेहनत और इंसानियत का मेल हो तो ऐसी ही जीत मिलती है।