Breaking News

अगर शिवसेना चाहती है एनसीपी-कांग्रेस की सरकार बनाना तो बनाने दें : भागवत

07 Nov, 2019 991

संवाददाता/in24 न्यूज़.    
महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर पेंच फंसते ही जा रहे हैं, भले ही बीजेपी और शिवसेना ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ें हों, मगर सत्ता के लिए आज दोनों अलग-अलग रास्ते पर नज़र आ रही हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आरएसएस ने सलाह दी है कि अगर शिवसेना चाहती है कि एनसीपी और कांग्रेस के साथ सरकार बनाए तो बनाने दें. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए बीजेपी और शिवसेना में खींचतान जारी है. इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी इस खींचतान में कूद आया है. संघ ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सलाह दी है कि यदि शिवसेना, बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहती है तो उसे बनाने दें. बता दें कि देवेंद्र फडणवीस और मोदी सरकार में मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में संघ मुख्यालय जाकर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की थी. इसके बाद एक अंग्रेजी अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मोहन भागवत ने फडणवीस को साफ संदेश दिया था. भागवत ने फडणवीस से स्पष्ट रूप से कहा था कि शिवसेना यदि एनसीपी और कांग्रेस से समर्थन लेकर सरकार बनाना चाहती है तो उन्हें आगे बढ़कर सरकार बनाने देना चाहिए. भागवत ने स्पष्ट कहा था कि हमें विपक्ष में बैठकर लोगों की सेवा करने के लिए तैयार रहना चाहिए. संघ प्रमुख ने साफ-साफ कहा था कि विधायकों की खरीद-फरोख्त जैसी अपवित्र राजनीति में किसी भी प्रकार से शामिल नहीं होना चाहिए.

अन्य खबरे