अमित शाह ने ममता से मांगा दस सालों का हिसाब
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जमकर निशाना साधा और दस सालों का हिसाब मांगा।
शाह ने पश्चिम बंगाल में जन संवाद वर्चुअल रैली के जरिए पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने संकल्प व्यक्त किया कि उनकी पार्टी संस्कारी बंगाल बनाने के लिए कृतसंकल्प है। अमित शाह ने अपने भाषण का आगाज बंगाल में स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हिंसा को उठाते हुए किया। अमित शाह के मुताबिक पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्याएं हुई हैं। अमित शाह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर केंद्र सरकार को सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। शाह के मुताबिक आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजनाओं को ममता सरकार ने राजनीतिक विद्वेष के चलते लागू करने से रोका। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके दस सालों के राज का हिसाब मांगा।अमित शाह ने ममता बनर्जी पर सीएए के खिलाफ होने को लेकर भड़ास निकाली। अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी शरणार्थियों को नागरिकता देने का विरोध कर रही है। कोरोना महामारी को लेकर भी अमित शाह ने दांव चला। अमित शाह ने प्रवासी मजदूरों के लिए पश्चिम बंगाल लौटने में दिक्कतों की चर्चा की। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार ने सर्वाधिक ट्रेनों के राज्य में परिचालन पर रोक लगाई। जिसके चलते आज भी बड़ी संख्या में प्रवासी बंगाली मजदूर फंसे हुए हैं।