अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट बनाने की घोषणा
संवाददाता/in24 न्यूज़.
योगी सरकार ने आज जंबो बजट पेश करके अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। साथ ही किसानों को मुफ्त पानी,युवाओं को रोजगार,महिलाओं को विभिन्न प्रलोभित योजनाएं देने की सौगात बजट में शामिल है। आज यूपी सरकार का 2021-22 वर्ष के लिए 5.50.270 करोड का बजट वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने पेश किया। युवा,महिला पर ज्यादा फोकस किया गया। जेवर एयरपोर्ट के पास एक इलेक्ट्रॉनिक सिटी बनाई जाएगी। प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर आईटी हब पार्क बनाए जा रहे हैं। गोमाता की रक्षा के लिए योजना चलाई जाएगी। गोशाला बनाने पर जोर दिया जाएगा। आश्रय स्थल भी बनेंगे। योगी सरकार ने दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल के लिए 1326 करोड़ रुपये प्रस्तावित किया है। इसके अलावा गोरखपुर-वाराणसी मेट्रो के लिए 100-100 करोड़ रुपये दिए गए हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए 1492 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए 1107 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। गोरखपुर एक्सप्रेस-वे के लिए 750 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ में स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय बनाने का एलान किया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ओपन जिम बनाए जाएंगे। सुरेश खन्ना ने कहा कानपुर मेट्रो रेल परियोजना की अनुमोदित लागत 11,076 करोड़ रूपये है। वित्तीय वर्ष 2021-2022 के बजट में परियोजना हेतु 597 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के प्राथमिक सेक्शन आईआईटी कानपुर से मोतीझील पर ट्रायल रन प्रारम्भ करने की लक्षित तिथि है। उत्तर प्रदेश में ऑपरेशनल एयरपोर्ट्स की संख्या 4 से बढ़कर 7 हो गई। जनपद अयोध्या में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम हवाई अड्डा अयोध्या होगा इस हेतु 101 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित। जेवर एयरपोर्ट में हवाई पट्टियों की संख्या दो से बढ़ाकर छह करने का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना हेतु 2000 करोड़ रुपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है। कुशीनगर एयरपोर्ट को केन्द्र सरकार द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट घोषित है। इस प्रकार राज्य में शीघ्र ही 4 अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर व गौतमबुद्धनगर में होंगे। अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद व श्रावस्ती एयरपोर्ट का विकास लगभग पूर्ण हो गया है तथा चित्रकूट तथा सोनभद्र एयरपोर्ट मार्च, 2021 तक पूर्ण होंगे। बता दें कि योगी सरकार लगातार विकास के कार्यों पर गंभीर नज़र आ रही है.