Breaking News

आबकारी घोटाले में संजय सिंह के करीबियों पर ईडी की छापेमारी

24 May, 2023 879

संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) के करीबियों के घर पर छापेमारी की है। संजय सिंह के मुताबिक, करीबी लोगों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के यहां ईडी ने छापा मारा है। बता दें कि सांसद संजय सिंह इस वक्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ दूसरे दलों के नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली से बाहर गए हुए हैं। इस बीच उनके करीबियों पर शिकंजा कस रहा है।संजय सिंह ने ईडी की इस कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला है और कहा कि मोदी सरकार के इशारे पर ईडी अपनी ताकत का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मैंने मोदी सरकार की ईडी की तानाशाही और गुंडागर्दी को पूरे देश के सामने उजागर कर दिया। इस बात का सच पूरे देश के सामने रखा कि ईडी किस तरह अपनी संस्था का दुरुपयोग करके, अपनी ताकत का दुरुपयोग करके जबरदस्ती शराब घोटाले में लोगों फंसाने की कोशिश कर रही है। जब उनको कुछ नहीं मिला, मुझसे उन्होंने गलती मानी। अब मेरे सहयोगियों के घर छापेमारी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आज सुबह पता चला कि मेरे साथियों के घर छापेमारी की गई है। मैं ईडी को बताना चाहता हूं कि किसी भी तरीके से कोई भी हथियार अपनाना है, अपना लो, तुम्हारे सामने ना रुकूंगा, ना झुकुंगा। मोदी सरकार के सामने कोई भी समझौता हम करने वाले नहीं हैं। आपसे लड़ेंगे आपको उजागर करेंगे पूरे देश के सामने कि ईडी का किस तरह से दुरुपयोग हो रहा है। इसको उजागर करके रहूंगा। भले ही सर्वोच्च न्यायालय में जाना पड़े या उच्च न्यायालय में जाना पड़े। दादागिरी और तानाशाही के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा। बता दें कि आप के अनेक नेता जेल में बंद हैं।

अन्य खबरे