कंटेंट चोरी के मामले में प्रशांत किशोर के खिलाफ एफआईआर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रशांत किशोर एक कुशल चुनावी रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं. वे जदयू के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं. इन्होंने 20 फरवरी को 'बात बिहार की' कार्यक्रम की शुरुआत की थी. लांच होते ही इस कार्यक्रम ने धूम मचा दी थी. अब इस कार्यक्रम के चक्कर में प्रशांत किशोर बुरे तरह फंसते नजर आ रहे हैं. दरअसल उन पर 'बात बिहार की' का कंटेंट चोरी करने का आरोप लगा है. पटना के पाटलिपुत्र थाना में प्रशांत किशोर के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज कराई गई है. एफआईआर के बारे में पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रशांत किशोर के खिलाफ आरोप लगाया गया है कि उनके अभियान 'बात बिहार की' का आइडिया चोरी का है. बिहार के मोतिहारी के रहने वाले शाश्वत गौतम ने यह एफआईआर दर्ज कराई है. शाश्वत गौतम द्वारा दर्ज एफआईआर में कहा गया कि उन्होंने 'बात बिहार की' नाम से अपना एक प्रोजेक्ट बनाया था, वह इसे भविष्य में लॉन्च करने की योजना पर काम कर रहे थे. इस पर बात चल ही रही थी कि इस दौरान ओसामा नामक युवक ने यह सारा आइडिया प्रशांत किशोर के हवाले कर दिया और प्रशांत ने उन सारे कंटेंट को अपनी वेबसाइट पर डाल दिया. पाटलिपुत्र के थाना प्रभारी अमलेश्वर प्रसाद सिंह के अनुसार, "शाश्वत गौतम के बयान पर प्रशांत किशोर के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में आईपीसी की धारा 420, 406 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है." गौतम ने पुलिस को कई सबूत भी उपलब्ध करवाए हैं.