कमलनाथ सरकार को बीजेपी गिराना चाहती है : कांग्रेस
कमलनाथ की सरकार को लेकर कांग्रेस ने आज भारतीय जनता पार्टी पर एक बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है. कांग्रेस ने कहा है कि बीजेपी मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिराना चाहती है. पार्टी महासचिव और राज्य के प्रबारी दीपक बबरिया ने कहा कि बीजेपी मध्य प्रदेश में अनैतिक तरीकों से कमलनाथ सरकार को गिराना चाहती है. बीजेपी के लोग जनादेश को खारिज करने का प्रयास कर रहे हैं. जिसके लिए राज्य की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी. बबरिया ने आगे कहा कि बीजेपी के 15 साल के कुशासन से तंग आकर प्रदेश की जनता ने उसे बाहर का रास्ता दिखाया था. आपको बता दें कि रविवार को सातवें व अंतिम चरण का मतदान पूरा होने के बाद एग्जिट पोल जारी किया गया. अधिकतर एक्जिट पोल में बीजेपी के फिर से वापसी के संकेत दिए गए थे. जिसके बाद कमलनाथ ने कहा था कि वह एक्जिट पोल को नहीं मानते हैं. 29 लोकसभा सीटों वाले मध्य प्रदेश के बारे में कमलनाथ ने कहा था कि 23 मई को कांग्रेस के खाते में 20-22 सीटें आएंगी. उसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि नतीजे आने के बाद कमलनाथ की सरकार 20-22 दिन रहेगी या नहीं रहेगी इसे लेकर भी संशय है. मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से आग्रह किया था कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए.