केजरीवाल अब गोवा में देंगे मुफ्त बिजली
संवाददाता/in24 न्यूज़।
अरविंद केजरीवाल अब गोवा में लोगों को मुफ्त बिजली देंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दो दिवसीय यात्रा पर गोवा हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोवा विधानसभा चुनाव से पहले फ्री बिजली का ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर गोवा में आप की सरकार बनी तो हर महीने लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल ने किसानों के लिए पूरी तरह से बिजली फ्री देने का ऐलान किया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब और उत्तराखंड के बाद यह तीसरा राज्य है जहां इस तरह की घोषणा की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा में राजनीति बहुत खराब हो गई है। लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए वोट दिया था और सरकार बीजेपी की बन गई। गोवा के लोग अब साफ राजनीति चाहते हैं। दो साल पहले 10 जुलाई को कांग्रेस के 10 विधायक अपनी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया था। कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए वोट किया था। लेकिन बीजेपी की सरकार बन गई। 13 विधायकों वाली पार्टी में 28 विधायक थे। जिस पार्टी को 17 विधायक दिए थे, उनके पास सिर्फ 5 विधायक बचे। आपस में रुपये लेदेकर सरकार बना लो। चुनाव क्यों कराते हो? मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि गोवा का मौसम बहुत खूबसूरत है। पर यहां की राजनीति बहुत खराब है और भ्रष्ट है। अब राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं। गोवा की जनता पूछ रही है कि देश की राजधानी दिल्ली में 24 घंटे और फ्री बिजली मिल सकती है तो गोवा में क्यों नहीं मिल सकती? हमने पार्टी लोगों की सेवा के लिए बनाई, राजनीति के लिए नहीं। अगले साल 2022 में गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने यह चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। बता दें कि इससे पहले केजरीवाल उत्तराखंड में मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर चुके हैं।