Breaking News

कोरोना काल में सरकार पर राहुल का हमला

18 May, 2021 718

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
कोरोना महामारी के बीच सियासत भी अपने चरम पर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर की भविष्यवाणी हो रही हैं और इसे देखते हुए समय रहते बच्चों को महामारी से बचाने के लिये पर्याप्त उपाय करने की सख्त जरूरत है। राहुल गांधी ने मंगलवार को कोरोना से निपटने की सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि महामारी से बच्चे सुरक्षित रहें इसके लिए मोदी सरकार को नींद से जगाना जरूरी है ताकि समय पर इलाज की पुख्ता व्यवस्था की जा सके। राहुल ने ट्वीट किया कि बच्चों को आने वाले समय में कोरोना से सुरक्षित रखने के उपाय करने की जरूरत होगी। स्थिति से निपटने के लिए बाल चिकित्सा सेवाएं और टीकाकरण-उपचार से संबंधी उपाय पहले से ही होने चाहिए। भारत के भविष्य के लिये जरूरी है कि वर्तमान मोदी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उसे नींद से झकझोरा जाए। गौरतलब है कि कोरोना के तीसरी लहर में ऐसी संभावना है कि वायरस बच्चों से लेकर बड़ों तक को अपनी चपेट में ले सकता है। इसलिए वायरस के खतरे को समझते हुए तैयारी की जा रही है। कोविड 19 महामारी संकट की दूसरी लहर में युवा बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बता दें कि मंगलवार को भारत ने 24 घंटों में 4,329 मौतें दर्ज कीं, जो एक दिन में सबसे अधिक है, वहीं कोरोना के 2.63 लाख ताजा मामले सामने आए। बता दें कि इस बीच विपक्ष द्वारा सियासत जारी हैऔर सरकार पर हमला भी। 

अन्य खबरे