कोरोना की चपेट में आए देवेगौड़ा और उनकी पत्नी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना का आतंक पूरी दुनिया में फैला हुआ है। अब इसकी चपेट में पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा और उनकी पत्नी चेनम्मा भी आ गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है। देवेगौड़ा ने ट्वीट कर कहा कि मेरी पत्नी चेनम्मा एवं मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि वे परिवार सहित आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मेरा उन लोगों से आग्रह है जो हाल ही में मेरे संपर्क में आए हैं, वे अपनी जांच करवा लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया है कि इस मामले में किसी भी तरह पेनिक न फैलाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा से बात की और उनके तथा उनकी पत्नी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री एच. डी. देवेगौड़ा जी से बात की और उनके तथा उनकी पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि कोरोना का संकट लगातार फैलता जा रहा है।