कोरोना संकट के बीच बंगाल में आज अमित शाह, नड्डा और ममता की रैलियां
संवाददाता/in24 न्यूज़.
बढ़ते कोरोना मामलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करेंगे. खबर के मुताबिक़ अमित शाह जहां दो जनसभाओं को संबोधित और दो रोड शो का नेतृत्व करने वाले हैं, वहीं नड्डा तीन जनसभाएं और दो रोड शो करेंगे. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी दक्षिण बंगाल के दो जिलों में चार सार्वजनिक रैलियां करने वाली हैं. चुनावी रैलियों के आयोजन और बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने से कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन की संभावना बनी हुई है. बंगाल में कोरोना मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है. पश्चिम बंगाल ने गुरुवार को 6,769 नए मामलों की सूचना दी. शुक्रवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) राज्य के सभी 10 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मिलने जा रहे हैं ताकि चुनाव अभियानों के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके. बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य के सीईओ और सभी जिला मजिस्ट्रेटों को चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए राजनीतिक अभियानों में कोरोना से संबंधित प्रोटोकॉल का सख्ती से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का आदेश दिया था. ममता बनर्जी ने पहले ही चुनाव आयोग से विधानसभा चुनाव के शेष चरण को एक ही बार में आयोजित करने का आग्रह किया है. बंगाल में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच जहां चुनाव प्रचार लगातार जारी है, दूसरी ओर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने बुधवार को कहा कि वह पश्चिम बंगाल में चुनाव के शेष चरणों के लिए बड़ी चुनावी रैलियों का आयोजन नहीं करेगी. पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सलीम ने कहा कि हमने अपनी बैठकों में अब तक के सभी चरणों के भारी मतदान को देखा है. कोरोना में तेज वृद्धि के कारण हमने कोई बड़ी रैली नहीं करने का फैसला किया है. मोहम्मद सलीम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को राजनीति करने बजाय कोरोना वायरस संकट के दौरान जिम्मेदारी से काम करना चाहिए. पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल में 5,892 नए कोरोना मामले, 2,297 डिस्चार्ज और 24 मौतें दर्ज़ की गई. गौरतलब है कि भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,17,353 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,42,91,917 हो गई है. 1,185 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,74,308 है. देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 15,69,743 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,25,47,866 है. इसके बावजूद पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार जारी है.