कोरोना से बीजेपी नेता की मौत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
विश्वव्यापी महामारी कोरोना का खौफ जारी है। इसी महामारी से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप गांधी का दिल्ली के एक अस्पताल में बुधवार सुबह निधन हो गया। गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी नेता की हालत मंगलवार को ज्यादा बिगड़ गई और इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। गांधी के घर में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। 69 वर्षीय भाजपा नेता 2003-2004 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। वह अहमदनगर लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व सांसद रह चुके हैं। शुरुआत में, उन्होंने एक नगरसेवक के रूप में अहमदनगर नगर निगम में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। बाद में वह नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के नेता बने। 1985 में, वह अहमदनगर नगर निगम के उपाध्यक्ष बने। बीजेपी के अहमदनगर जिला संगठन में, उन्होंने महासचिव, संयुक्त सचिव और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। दिलीप गांधी 1999 में अहमदनगर निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए थे। वह 29 जनवरी 2003 से 15 मार्च 2004 तक केंद्रीय जहाजरानी मंत्री थे। 2004 में, एनसीपी के उम्मीदवार तुकाराम गदाख ने उन्हें हरा दिया था। 2009 में, दिलीप गांधी को अहमदनगर से फिर से चुना गया। उन्हें 2014 के लोकसभा चुनावों में दो लाख से अधिक वोटों के अंतर के साथ जीच हासिल की थी। 2019 में, भाजपा ने दिलीप गांधी का टिकट काट दिया और राधाकृष्ण विकास पाटिल के पुत्र सुजय विखे पाटिल को मैदान में उतारा था। ऐसी चर्चा थी कि दिलीप गांधी इस बात से काफी परेशान थे। खबर ये भी थी कि राधाकृष्ण विखे पाटिल ने गांधी से मुलाकात की थी और एक बैठक की थी। आखिर में, सुजय विखे ने भाजपा की सीट बरकरार रखी थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा नेता दिलीप गांधी के निधन पर दुख जताया और उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने के लिए बहुत प्रयास किए। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि केंद्रीय मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री दिलीप गांधी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। दिलीप जी का पूरा जीवन जनता की सेवा और संगठन कार्यों में समर्पित रहा। ईश्वर उनके परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति शांति शांति। बता दें कि कोरोना लगातार लोगों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है और सरकार ने लोगों को दिशा निर्देश मानने की अपील की है।