Breaking News

गहलोत के मंत्री को रेप केस में गिरफ्तार करने जयपुर पहुंची दिल्ली पुलिस

15 May, 2022 683

संवाददाता/in24 न्यूज़.
गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ दिल्ली में दर्ज रेप केस में गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की टीम जयपुर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस की टीम रविवार को सुबह ही जयपुर पहुंची है। फिलहाल रोहित जोशी अंडरग्राउंड बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार किसी भी वक्त रोहित की गिरफ्तारी हो सकती है। दिल्ली पुलिस के एसीपी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम जयपुर आई हुई है। पुलिस पहले रोहित की तलाश में एक घर में पहुंची लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसके बाद पुलिस मंत्री महेश जोशी के जयपुर में सिविल लाइन वाले आवास पर पहुंची लेकिन रोहित वहां भी नहीं मिला। अशोक गहलोत सरकार के जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित के खिलाफ राजस्थान की 24 साल की युवती ने दिल्ली के सदर बाजार थाने में रेप केस दर्ज कराया है। पहले इस केस की एफआईआर राजस्थान पुलिस को भेजी जाने वाली थी लेकिन बाद में इसमें आए मोड़ के कारण दिल्ली पुलिस ने ही इसकी जांच करने का फैसला लिया है। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद रविवार को सुबह दिल्ली पुलिस की 15 सदस्यीय टीम जयपुर पहुंच गई और रोहित जोशी की गिरफ्तारी के लिये दबिशें देनी शुरू कर दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि आरोपी रोहित की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। दिल्ली पुलिस एक-एक करके रोहित के संभावित ठिकानों पर पहुंच रही है, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस के जयपुर पहुंचते ही यह मामला फिर से गरमाने लगा है। बता दें कि महेश जोशी को सीएम अशोक गहलोत का खास सिपाहसालर माना जाता है। ऐसे में जोशी के बेटे के खिलाफ रेप जैसे गंभीर मामले की एफआईआर दर्ज होने से राजस्थान का सियासी पारा अचानक बढ़ गया है और सरकार के विरोधियों को बैठे बिठाये एक बड़ा मुद्दा मिल गया है।

अन्य खबरे