Breaking News

गुजरात हमले पर राहुल का सरकार पर हमला

09 Oct, 2018 1214

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने गुजरात में उत्तरभारतीयों पर हुए हमले के बाद सरकार पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने केंद्र एवं गुजरात सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की और कहा कि प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कारखानों के बंद होने से बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और इस वजह से युवाओं के बीच हताशा एवं गुस्सा बढ़ रहा है।

 

गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'समूचे गुजरात में खराब आर्थिक नीतियों, नोटबंदी और जीएसटी को सही ढंग से लागू नहीं करने की वजह से उद्योग तबाह हो गए हैं। नतीजा यह हुआ है कि कारखाने एवं औद्योगिक इकाइयां बंद हो गई हैं जिससे बड़े पैमाने पर बेरोजगारी पैदा हो गई है।' उन्होंने कहा, 'रोजगार सृजन की सरकार की अक्षमता के कारण युवाओं में हताशा और गुस्सा बढ़ रहा है। यही गुस्सा और हताशा पूरे गुजरात में प्रवासियों पर हिंसक हमलों में प्रकट हो रही है।'

 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'प्रवासी कामगार हमारी आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन पर हमले भय एवं असुरक्षा का माहौल पैदा करते हैं जो कारोबार और हमारी अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा नहीं है।' उन्होंने कहा, 'सरकार दृढ़ता से कार्रवाई करे और शांति बहाल करने तथा हर भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह हर संभव प्रयास करे।’’ गौरतलब है कि गत 28 सितंबर को गुजरात के साबरकांठा जिले में 14 महीने की एक बच्ची के साथ कथित बलात्कार के बाद छह जिलों में हिंदी भाषी लोगों पर हमलों की कई घटनाएं हुई हैं।

अन्य खबरे