जामिया विश्वविद्यालय की घटना जालियांवाला बाग जैसी : उद्धव
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज देश में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध हो रहा है तो वहीं अब इसपर राजनीति भी शुरू हो गई है. गौरतलब है कि कांग्रेस सहित विपक्ष को झटका देने के बाद शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जामिया विश्वविद्यालय की घटना की तुलना जालियांवाला बाग से की है. उद्धव ठाकरे ने कहा कि जामिया मिलिया इस्लामिया में जो हुआ, वह जलियांवाला बाग जैसा है. छात्र एक युवा बम की तरह हैं. इसलिए हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे छात्रों के साथ वैसा बर्ताव न करें, जैसा कि कर रहे हैं. इससे पहले शिवसेना ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर राष्ट्रपति से मिलने के लिए जाने वाले विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया था. दरअसल, नागरिकता संशोधन कानून पर देश भर में मची रार के बीच आज मंगलवार को विपक्षी दलों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात करने जा रहा है. हालांकि शिवसेना इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं होगी. शिवसेना नेता संजय राउत ने आज यह जानकारी दी. उन्होंने इस बाबत अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और शिवसेना इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में नागरिकता संशोधन कानून लागू करने को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कैबिनेट में फैसला लेंगे.