तमिलनाडु सरकार के मंत्री उदयनिधि की बढ़ी मुश्किलें, यूपी, दिल्ली के बाद मीरा रोड में एफआईआर दर्ज
डेंगू और मलेरिया से सनातन धर्म की तुलना करने वाले डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुंबई सटे ठाणे जिले के अंतर्गत आने वाले मीरा रोड पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 153 ए और 295 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले तमिलनाडु के खेल और युवा मामलों के मंत्री के खिलाफ दिल्ली के एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में एक आवेदन दायर कर उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी. उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में पहले से ही मामले दर्ज हैं. देश के अलग अलग राज्यों में उदयनिधि के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली, यूपी, बिहार, कर्नाटक समेत कई राज्यों में सनातन धर्म को मानने वाले लोगों ने धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने के लिए डीएमके नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में तो उदयनिधि स्टालिन के साथ-साथ प्रियांक खड़गे के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।