Breaking News

तेज़ भूकंप से नेपाल में 69 की मौत, भारत में भी लगे तेज झटके

04 Nov, 2023 505

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में शुक्रवार रात 6.4 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसके झटके भारत की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए। इस विनाशकारी भूकंप में नेपाल में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। रुकुम पश्चिम में 28 और जाजरकोट में 20 लोग मारे गए हैं। रुकुम पश्चिम के डीएसपी नामराज भट्टराई और जाजरकोट के डीएसपी संतोष रोक्का  ने यह जानकारी दी है।  बता दें कि रात करीब 11 बजकर 32 मिनट पर आए भूकंप के कारण लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना पड़ा। भूकंप का केंद्र नेपाल में अयोध्या से लगभग 227 किलोमीटर उत्तर और काठमांडू से 331 किलोमीटर पश्चिम उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई में था। नेपाल में एक महीने में तीसरी बार तेज भूकंप आया है।  गुरुग्राम के निवासी इंद्रजीत सिंह के मुताबिक, जब हम टीवी देख रहे थे, तभी काफी देर तक झटके महसूस हुए। गाजियाबाद के रहने वाले गोपाल ने कहा कि झटके 15 सेकंड से ज्यादा देर तक महसूस हुए। उन्होंने कहा कि मुझे खिड़की के शीशे की खड़खड़ाहट भी सुनाई दी। भूकंप के झटके दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए, जिसके चलते ऊंची इमारतों में रहने वाले कई लोग बाहर निकल आए। नोएडा सेक्टर-76 में एक ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के निवासी प्रत्यूष सिंह ने कहा कि वास्तव में बहुत तेज झटके महसूस हुए। यह एक बेहद डरावना एहसास था। भूकंप के झटके उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बस्ती, बाराबंकी, फिरोजाबाद, अमेठी, गोंडा, प्रतापगढ़, भदोही, बहराइच, गोरखपुर और देवरिया जिलों के अलावा बिहार के कटिहार, मोतिहारी और पटना में भी महसूस किए गए। यह तो गनीमत रही कि भूकंप का झटका शांत हो गया।

अन्य खबरे