थम गया हरियाणा और महाराष्ट्र की विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार
सामना संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनाव प्रचार का शोर आज शाम 5 बजे थम गया. गौरतलब है कि हरियाणा की 90 और महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार शाम प्रचार थम गया. दोनों की राज्यों में सभी सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान होगा. इस बार हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव के राष्ट्रीय मुद्दे पूरी तरह हावी रहे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी हर रैली में अनुच्छेद 370 और तीन तलाक जैसे मुद्दों को बड़ी ही चतुराई से जनता के सामने रखा. दरअसल बीजेपी ने पूरी रणनीति के साथ राष्ट्रीय मुद्दों पर इन राज्यों में चुनाव लड़ने का फैसला किया. कुछ महीनों पहले तक हरियाणा में जाट आरक्षण और किसान तो महाराष्ट्र में मराठा और भीमा-कोरेगांव मामले स्थानीय मुद्दों में सबसे ऊपर थे. बीजेपी के रणनीतिकारों को इस बात का अंदाजा था कि अगर यह मुद्दे हावी हुए तो दोनों ही राज्यों में अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा. पार्टी ने पहले ही स्थानीय मुद्दों के इतर राष्ट्रवाद और केंद्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों को केंद्र में लाने की रणनीति बनाई थी. ऐसे में भाजपा ने अपनी रणनीति बदलते हुए अनुच्छेद 370 और तीन तलाक को खत्म करने के फैसले को प्रमुखता से उठाया. गौरतलब है कि महाराष्ट्र में खराब मौसम के बावजूद चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने की वजह से सुबह से ही प्रत्याशियों को धुंआधार प्रचार करते देखा गया.