दिल्ली में छठ पूजा पर सियासत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आस्था और भक्ति का पर्व छठ पूजा देश भर में उल्लास, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है. वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार कालकाजी इलाके में छठ घाठ बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और निगम पार्षद भड़ाना और आप विधायक सौरभ भारद्वाज आमने-सामने आ गए. एमसीडी पार्क में छठ घाट बनाया जा रहा था, जिसका निगम पार्षद ने विरोध किया. इस दौरान दोनों ही पार्टियों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और एक-दूसरे से भिड़ गए. छठ घाट पर राजनीति यहीं नहीं थमी. रात के हंगामे के बाद आज सुबह आप सांसद संजय सिंह भी कालकाजी पहुंचे. इस दौरान भी आप और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प हुई. इसके बाद संजय सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए हैं. संजय सिंह का कहना है कि बीजेपी के लोग महाराष्ट्र में पूर्वांचलियों को पीटते हैं और अब यहां गुंडागर्दी कर रहे हैं. हमें छठ घाट बनाने से रोका जा रहा है. बीजेपी वाले हम पर चूड़ियां फेंक रहे हैं, पूरी दिल्ली बीजेपी का असली चेहरा देख रही है. मै दिल्ली का सांसद हूं, जब तक बीजेपी का असली चेहरा सामने नहीं आएगा, हम यहां से नहीं जाएंगे. इस मामले पर बीजेपी सासंद मनोज तिवारी ने कहा कि कल दिल्ली सरकार द्वारा भाजपा पर ये आरोप लगाया गया की अधिकृत छठ घाट बनाने के काम को भाजपा के पार्षद और कार्यकर्ताओं ने रुकवा दिया था. ये जो घटना हमारे संज्ञान में आई है, ये आरडब्ल्यू और छठ घाट बनाने वालों के बीच विवाद है, अब जिसे ज़िले की परमिशन मिलेगी वो कर लेगा. इसमें राजनीति करने का क्या फ़ायदा? बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वैसे तो आप छठ व्रत वालों को जहां से वे आते हैं उन्हें भगाने की भी नियत रखते हैं. उन्हें अवैध घुसपैठिया भी कहते हैं.