दीदी के चोटिल होने से पार्टी ने घोषणापत्र रोका
संवाददाता/in24 न्यूज़.
ममता बनर्जी के घायल होने के बाद जमकर सियासत गर्म हो गई है. इस वजह से पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र को जारी करने से रोक दिया है. घोषणापत्र को गुरुवार को कालीघाट में रिलीज किया जाना था. ममता बनर्जी को बुधवार को एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उन्होंने आरोप लगाया कि नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान उन पर चार-पांच लोगों ने हमला किया, जिसके कारण उन्हें बाएं पैर में चोट लगी. उन्होंने कहा कि 4-5 लोगों ने गाड़ी एकदम बंद कर दी. बहुत चोट लग गई. वहां लोकल पुलिस से कोई नहीं था. किसी की साजिश जरूर है. यह जानबूझकर किया गया है. खबर के मुताबिक़ नंदीग्राम में पश्चिम बंगालकी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चोट लगने के समय वहां मौजूद एक शख्स ने कहा कि ममता बनर्जी को देखने के लिए जनता इकट्ठा हो गई. उन्हें देखने के लिए लोग घेरकर खड़े हो गए. उसी समय उन्हें गर्दन और पैर पर चोट लग गई, धक्का तो नहीं दिया, गाड़ी धीरे-धीरे चल रही थी. अस्पताल के डॉक्टरों ने गुरुवार को पुष्टि की कि पश्चिम बंगाल के सीएम पर किए गए प्राथमिक चिकित्सा परीक्षण में उसके बाएं पैर में गंभीर चोट लगी है और दाहिने कंधे, गर्दन में भी चोटें आई हैं. भर्ती होते ही मुख्यमंत्री पर एक्सरे कराया गया. डॉक्टर अगले 48 घंटों तक बनर्जी पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं क्योंकि उन्हें सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत है. आरोप है कि नंदीग्राम में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौरान अज्ञात बदमाशों द्वारा कथित रूप से धक्का दिए जाने के बाद बनर्जी के बाएं पैर और कमर पर चोटें लगी हैं. बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनावों को लेकर घमासान जारी है.