पिता केजरीवाल के चुनाव प्रचार में बेटी हर्षिता भी उतरीं.
किसी भी बेटी के पिता को अगर आतंकवादी कहा जाए तो उसे अच्छा नहीं लगेगा. यही कारण है कि दिल्ली चुनाव में अब अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता भी चुनाव प्रचार में कूद पड़ी हैं. दिल्ली चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनाव प्रचार जोर पकड़ता जा रहा है। राजनीति से दूर रहने वाला मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का परिवार भी अब चुनावी मैदान में नजर आ रहा है। इस बार मोर्चा संभाला है केजरीवाल की बेटी हर्षिता ने। हर्षिता केजरीवाल ने अपने पिता और सीएम अरविंद केजरीवाल को आतंकी बताए जाने को गंदी राजनीति करार दिया है। हर्षिता ने कहा कि क्या लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा देने वाला आतंकवादी हो सकता है, क्या बच्चों को शिक्षित करने वाला आतंकवादी हो सकता है, क्या बिजली और पानी की आपूर्ति में सुधार करने वाला आतंकवादी हो सकता है। हर्षिता ने कहा कि भाजपा को आरोप लगाने दो। उन्हें 200 सांसद और 11 मुख्यमंत्री लाने दो। केवल हम ही नहीं, बल्कि 2 करोड़ आम लोग भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली की जनता 11 फरवरी को फैसला करेगी कि क्या वह आरोपों पर वोट करते हैं या फिर काम पर। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री व दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा था कि केजरीवाल एक आतंकवादी हैं. उन्होंने कहा कि केजरीवाल मासूम चेहरा बना रहे हैं और लोगों से पूछ रहे हैं कि क्या वे आतंकवादी हैं? जावड़ेकर ने कहा आप (केजरीवाल) आतंकवादी हो और इसके बहुत सारे सबूत हैं। जावड़ेकर ने कहा कि आप (केजरीवाल) ने खुद कहा है कि आप अराजकतावादी हो। आतंकवादी और अराजकतावादी में ज्यादा अंतर नहीं होता। केजरीवाल ने शुक्रवार को चांदनी चौक में एक जनसभा के दौरान लोगों को याद दिलाया था कि भाजपा ने उन्हें आतंकवादी कहा है।