Breaking News

पीएम कर रहे हैं दो भारत बनाने की कोशिश : राहुल

11 Apr, 2019 1050

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को निशाना साधते हुए उन पर दो भारत बनाने का प्रयास करने के आरोप लगाए- एक नीरव मोदी और अनिल अंबानी जैसे अपने मित्रों के लिए और दूसरा भारत देश के गरीब किसानों के लिए। राहुल ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह राफेल घोटाला की जांच सुनिश्चित करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित दोषी लोगों को सलाखों के पीछे भेजेंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पूर्व में भाजपा के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाते हुए गांधी ने कांग्रेस के खिलाफ उनके आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने उत्तर बंगाल में एक चुनावी रैली में कहा कि कांग्रेस देश में भाजपा के खिलाफ जी-जान से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाए कि नरेन्द्र मोदी के चेहरे की अभिव्यक्ति बदल गई है। गांधी ने कहा कि विभिन्न रैलियों में वह ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं। क्योंकि वह डरे हुए हैं कि अगर कांग्रेस ने राफेल घोटाले की जांच कराई तो वह जेल जा सकते हैं। कांग्रेस के न्याय योजना का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा कि गरीबों को 72 हजार रुपये वार्षिक धन देने की योजना के लिए पैसा अनिल अंबानी, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या जैसे व्यवसायियों की जेब से आएगा जिन्होंने जनता का धन लूटा है।  

अन्य खबरे