बिहार में एनआरसी का सवाल ही पैदा नहीं होता : नीतीश
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरे देश में एनआरसी को लेकर चर्चा जारी है. ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि यहां एनआरसी लागू करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। विधानसभा के विशेष सत्र में नीतीश कुमार ने राज्य में एनआरसी लागू करने को लेकर कहा है कि बिहार में एनआरसी का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह असम के संदर्भ में ही चर्चा में था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पर सफाई दी है। विधानसभा में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सीएए पर हम विशेष रूप से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि एनआरसी का तो सवाल ही नहीं है। इसका कोई औचित्य नहीं है। नीतीश ने कहा कि एनपीआर में कुछ और भी पूछा जा रहा है। हम भी चाहते हैं कि इस विषय पर चर्चा हो। यदि सब लोग चाहेंगे तो सदन में भी चर्चा होगी। हम भी चाहेंगे कि जातिगत जनगणना हो। जनगणना जातिगत होना ही चाहिए। 1930 के बाद एक बार और होनी चाहिए। आपको बता दें कि हाल ही में जब पत्रकारों ने नीतीश कुमार से एनआरसी को लेकर सवाल किया था तो उन्होंने बेहद बेबाकी से कहा था कि काहे का एनआरसी। यहां क्यों लागू होगा एनआरसी। एकदम लागू नहीं होगा।