Breaking News

बिहार में कांग्रेस के नेता ने खुद के भावी पीएम बनने की पोस्टर लगाई

17 Jul, 2021 1015

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस में राहुल गांधी की हैसियत इसी बात से समझी जा सकती है कि कांग्रेस के ही एक नेता ने बतौर प्रधानमंत्री खुद को पेश करने की शुरुआत की है। बिहार में एक ओर तो सभी दिग्गज कांग्रेसी नेता मिलकर सड़कों पर महंगाई के खिलाफ साइकिल मार्च निकाल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बिहार कांग्रेस में जारी गुटबाजी भी सामने आने लगी है। यहां बिहार कांग्रेसी नेता ने अपने ही आलाकमान राहुल गांधी को सीधे-सीधे चुनौती पेश कर दी। ये कांग्रेसी नेता बिहार में भागलपुर जिले के निवासी हैं। इनका नाम संजीव कुमार सिंह है। साथ ही इन्होंने शहर भर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाएं हैं। इन्हीं होर्डिंग में संजीव कुमार ने खुद को अगला प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित  कर दिया है।  संजीव सिंह ने होर्डिंग लगाकर अपील की है कि हमें अगला प्रधानमंत्री बनाकर देशवासियों के बीच खुशहाली लाएं। इस होर्डिंग में संजीव कुमार सिंह स्वयं को कांग्रेस का राष्ट्रीय नेता व बिहार, झारखंड का पर्यवेक्षक प्रभारी बताया है। इसमें उन्होंने स्वयं को लोकसभा व विधानसभा चुनाव का पूर्व प्रत्याशी भी बताया है। इसमें उन्होंने खुद को यूपी, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और असम चुनाव प्रचार समिति का कानूनी सलाहकार भी बताया है। होर्डिंग में संजीव कुमार ने अपने दो मोबाइल नंबर भी दिये हैं। पार्टी नेता संजीव कुमार सिंह द्वारा राहुल गांधी को सीधे-सीधे चुनौती पेश करते हुए स्वयं को पीएम प्रत्यशी घोषित करने पर कांग्रेस प्रवक्ता कुंतल कृष्णा ने इस मामले को सरकार की साजिश करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता कुंतल कृष्णा ने बताया कि आज महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पटना में सरकार के खिलाफ साइकिल यात्रा निकालने जा रही है। जिसमें कांग्रेस और सायकिल यात्रा से मीडिया कर्मियों का ध्यान भंग करने के लिए इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही कुंतल कृष्णा ने कहा कि संजीव कुमार सिंह से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। बिहार समेत पूरे देशभर में पेट्रोल और डीजल के साथ खाद पदार्थो की कीमतें काफी तेजी से बढ़ रही हैं। इन सबके खिलाफ में आज को पटना में साइकिल यात्रा निकालकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। इससे पहले बिहार में कांग्रेस नेता सभी जिला मुख्यालयों व प्रखण्ड स्तर पर 10 जुलाई से 16 जुलाई तक मार्च व विरोध प्रदर्शन करते हुए नजर आए थे। कांग्रेस नेता ने जहां संजीव कुमार सिंह के मामले को सरकार की साजिश करार दिया है। बता दें कि इससे साफ़ है कि कांग्रेस के पास सबसे बड़ी समस्या गुटबाजी की बनी हुई है।

अन्य खबरे