बीजेपी की तरफ़ बढ़े गुलाम नबी आज़ाद के कदम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राज्यसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद गुलाम नबी आज़ाद की दिलचस्पी बीजेपी में देखी जा रही है. गांधी परिवार से हालिया समय में बढ़ती दूरियों के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने बीजेपी की तरफ देखना शुरू किया है. एक विशेष आयोजन में शनिवार को गुलाम नबी आजाद के लिए मोदी सरकार रेड कारपेट वेलकम करती दिखी। मौका था अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित एक भारत-श्रेष्ठ भारत मुशायरे का। आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर बढ़ रहे हिंदुस्तान के अहसास को बयां करने के लिए हुए इस मुशायरे में मोदी सरकार के दो मंत्रियों मुख्तार अब्बास नकवी और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ कांग्रेस के असंतुष्ट नेता गुलाम नबी आजाद शिरकत करते नजर आए। यहां अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर स्थित आयोजन स्थल पर कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के बैनर और पोस्टर लगे रहे। यह पहला मौका था, जब राजधानी दिल्ली में आयोजित मोदी सरकार के कार्यक्रम में किसी कांग्रेस नेता के पोस्टर दिखे हों। अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ पहली वीवीआईपी कतार में बैठे गुलाम नबी आजाद को देखकर लोग चकित हुए। संयोगवश, पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद एक ही राज्य जम्मू-कश्मीर से ही नाता रखते हैं। बता दें कि हाल में राज्यसभा में हुए विदाई समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ पाकर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद सुर्खियों में रहे हैं। उनके विदाई के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेहद भावुक होते देखा गया था.