मध्य प्रदेश में चुनावी रणनीति बनाने में जुटा बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व
मध्य प्रदेश में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व रणनीति बनाने में जुट गया है.राज्य में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव के अलावा नरेंद्र सिंह तोमर को रणनीति बनाने का जिम्मा दिया गया है.हालांकि नरेंद्र सिंह तोमर केंद्रीय मंत्री बनने से पहले मध्य प्रदेश में संगठन की कमान संभाल चुके हैं, चुनावों के ठीक पहले उन्हें राज्य की ज़िम्मेदारी सौंपना दिलचस्प है.कांग्रेस से बग़ावत कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी भाजपा ने मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनावों के लिए अपना ‘स्टार प्रचारक’ बनाया है.राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस बार सबकुछ प्रदेश संगठन पर नहीं छोड़ना चाह रहा है.रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान अमित शाह ने ग्वालियर- चंबल, संभाग के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि राज्य में ‘एक एक सीट के दस - दस दावेदार’ हो गए हैं जबकि किसी एक को ही टिकट मिलना है.भारतीय जनता पार्टी ने 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है जिससे संगठन में ही विरोध खुलकर सामने आ गया है.उन्होंने कहा, “दूल्हा कैसा भी हो, उसकी बुराई न करें और संगठन के लिए ही काम करें.