Breaking News

मध्य प्रदेश में बसपा, गोंगपा के साथ सपा का हो सकता है गठबंधन

21 Sep, 2018 1191
समाजवादी पार्टी मध्यप्रदेश में विपक्षी दलों का एक चुनावी मोर्चा बनाने की योजना के तहत बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ 150 विधानसभा सीटों पर तालमेल बिठाने की कोशिश में जुटी हुई है। सपा की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष मूलचंद यादव ‘बंते’ के मुताबिक राज्य के आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से तालमेल को लेकर हमारी चर्चा अंतिम दौर में है। अगर चर्चा सफल हो जाती है, तो तीनों दल 150 सीटों पर तालमेल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि टीकमगढ़ जिले की प्रसिद्द पर्यटन नगरी ओरछा में 24 सितंबर को सपा की प्रदेश चुनाव अभियान समिति की अहम बैठक बुलायी गयी है। इस बैठक में पार्टी के कुछ राष्ट्रीय पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। यादव ने कहा, "इस बैठक के एक-दो दिन के भीतर हम सूबे में अपने उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित कर देंगे।" हालांकि, उन्होंने बताया कि राज्य में चुनावी तालमेल को लेकर सपा की कांग्रेस के साथ फिलहाल कोई सहमति नहीं बन सकी है। पिछले महीने ही कांग्रेस से नाता तोड़कर सपा में आये वरिष्ठ नेता ने कहा, "कांग्रेस अगर मध्यप्रदेश में अगली सरकार बनाना चाहती है, तो इस तालमेल के लिये उसे ही पहल करनी होगी।" यादव ने आरोप लगाया, "राज्य में भाजपा के कुशासन में विकास की झूठी घोषणाएं भर की गयी हैं।" कांग्रेस राज्य का मुख्य विपक्षी दल है जबकि सपा, बसपा और गोंगपा का चुनावी रूप से निर्णायक प्रभाव चंद इलाकों तक ही सिमटा माना जाता है।

अन्य खबरे