Breaking News

महाराष्ट्र में शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन की सरकार बनेगी : अहमद पटेल

23 Nov, 2019 924

संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र में बीजेपी और एनसीपी की अप्रत्याशित सरकार बनने के बाद जमकर हंगामे का दौर शुरू हो गया है. ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने आज कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने जिस गुपचुप तरीके से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद और राकांपा के अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, उसे राज्य के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य में शिवसेना, राकांपा और उनकी पार्टी की सरकार बनेगी. उन्होंने इन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि राज्य में शिवसेना और राकांपा के साथ मिलकर सरकार बनाने में कांग्रेस ने विलंब किया. पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बेशर्मी की सीमा लांघ दी. उन्होंने कहा कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजित पवार के साथ हाथ मिलाकर भगवा दल द्वारा सरकार बनाने के बाद लोकतंत्र बिखर गया है. पटेल ने कहा कि शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन विधानसभा में बहुमत साबित करने के दौरान भाजपा को हराएगा और तीनों दलों के गठबंधन की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि तीनों दल राजनीतिक और कानूनी मोर्चे पर लड़ाई लड़ेंगे. पटेल के साथ कांग्रेस महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, राज्य कांग्रेस के प्रमुख बाला साहेब थोराट एवं अन्य नेता भी मौजूद थे.

अन्य खबरे