Breaking News

राज्यसभा से विदाई के मौके पर भावुक हुए पीएम मोदी और गुलाम नबी आज़ाद

09 Feb, 2021 2393

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में भावुक हो गए. बता दें कि राजनीति में एक लंबा सफर तय कर चुके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद का कार्यकाल राज्यसभा से खत्म हो रहा है. इस मौके पर संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा का माहौल काफी भावुक रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस दौरान भावुक नजर आए. पीएम मोदी गुलाम नबी आज़ाद के साथ अपनी मित्रता को याद कर भावुक हो गए. इसके बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद भी अपने विदाई को लेकर भावुक नजर आए. गुलाम नबी आजाद ने कहा कि उन्हें इस बात का फख्र है कि वो हिंदुस्तानी मुसलमान हैं. गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह उन खुशकिस्मत लोगों में हूं जो कभी पाकिस्तान नहीं गए. उन्होंने कहा कि जब वह पाकिस्तान के बारे में पढ़ते हैं, वहां के आज के हालात के बारे में सुनते हैं तो उन्हें गौरव महसूस होता है कि वह हिंदुस्तानी मुसलमान हैं. गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विश्व में अगर आज किसी मुसलमान को गर्व होना चाहिए तो वह भारत के मुसलमान को होना चाहिए. पीएम मोदी के संबोधन में अपने लिए की गई टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जैसे भावुक होकर उनके बारे में कुछ शब्द कहा कि वह सोच में पड़ गए कि क्या कहूं. बता दें कि पीएम मोदी ने साल 2006 के श्रीनगर आतंकी हमले के दौरान उनके साथ काम करने के अनुभवों को याद किया. पीएम मोदी उस घटना को याद करके भावुक हो गए थे. श्रीनगर में हुए उस आतंकी हमले में गुजरात के कई पर्यटक मारे गए थे. गुलाम नबी आजाद ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि हमले के बाद जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचे थे तो वहां जो छोटे-छोटे बच्चे थे, वो मेरी टांगों से लिपट कर रोने लगे थे. तब मैं भी रोया था. बता दें कि पीएम मोदी ने गुलाम नबी आज़ाद की तारीफ़ की तब सदन में लोगों को पता चला कि दोनों की मित्रता कितनी पुरानी है. 

अन्य खबरे