राज्य के डॉक्टरों को सातवें वेतन आयोग के स्लैब से मिलेगा वेतनमान - सीएम शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जहां बीजेपी की केंद्रीय टीम रणनीति बनाने में जुटी हुई है तो वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के डॉक्टरों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश के शासकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों को एक जनवरी 2016 से सातवां वेतनमान के आधार पर सैलरी दी जाएगी। सीएम ने कहा कि प्रदेश के शासकीय चिकित्सालयों के सभी विभागों के चिकित्सकों को समयबद्ध वेतनमान दिया जाएगा और बिना पदोन्नति की बाध्यता के पांच, 10 और 15 वर्ष में वेतन वृद्धि मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों के वेतनमान में भी सुधार किया जाएगा और शहर के 11 नर्सिंग होम की शिफ्टिंग के नियमों को सरल बनाया जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शासकीय महात्मा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में 2,000 बिस्तर वाले अस्पताल के निर्माण कार्य, नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्टल तथा ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।