शक्ति प्रदर्शन से गहलोत ने बचाई सरकार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायकों के साथ शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से अपनी एकजुटता दिखाई है. बता दें कि राजस्थान में राजनीतिक संकट के बीच जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया के सामने शक्ति प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के शुरू होने से पहले मीडिया को भी सीएम आवास में प्रवेश दिया गया और विधायकों की संख्या और उनका समर्थन दिखाने के लिए पत्रकारों के सामने शक्ति प्रदर्शन किया गया। सीएम आवास पर सौ से अधिक विधायक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री गहलोत सहित कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने मीडिया को विक्ट्री निशान भी दिखाया। विधायक दल की बैठक में उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत 19 विधायक गैरहाजिर रहे. इनमें विधायक मुरारी लाल मीना, जीआर खटाना, इंद्राज गुर्जर, हरीश मीणा, दीपेंद्र शेखावत, भंवरलाल शर्मा, विजेंद्र ओला, पीआर मीणा, राकेश पारीक, रमेश मीणा, विश्वेंद्र सिंह, रामनिवास गावड़िया, मुकेश भाकर, हेमाराम चौधरी, गजेंद्र शक्तावत, अमर सिंह जाटव, वेद प्रकाश सोलंकी और सुरेश चौधरी के नाम हैं. दूसरी तरफ इस बैठक में तीन निर्दलीय विधायक भी बैठक में शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री के शक्ति प्रदर्शन के बाद फिलहाल सरकार का फौरी संकट टलता नज़र आ रहा है.