Breaking News

शरद पवार ने शिवसेना को दिया झटका

06 Nov, 2019 936

संवाददाता/in24 न्यूज़।    
महाराष्ट्र में नई सरकार कब और किसकी बनेगी इसपर अबतक सस्पेंस बरक़रार है. ऐसे में एनसीपी के मुखिया ने कहा है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए एकमात्र व्यवहार्य विकल्प भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना है. पवार ने कहा कि भाजपा-शिवसेना 25 साल से सहयोगी हैं. उन्हें राज्य को नई सरकार देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए. जनता ने राकांपा-कांग्रेस को विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है और हम इसके लिए तैयार हैं. परोक्ष रूप से शिवसेना के रुख का समर्थन करते हुए शरद पवार ने कहा कि वह राज्य में शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार को देखने के लिए उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं. बुधवार को यहां एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार गठन के मुद्दे पर शिवसेना की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं आया है. पवार ने दावा किया कि संजय राउत मुझसे मिले, क्योंकि वह नियमित रूप से मुझसे मिलते हैं. शिवसेना की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है. पवार ने स्वीकार किया कि राउत ने 170 विधायकों की एक सूची दिखाई है, जो शिवसेना का समर्थन कर रहे हैं, मगर इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि उन्हें आंकड़े कैसे मिले हैं. एक सवाल के जवाब में पवार ने कहा कि वह भाजपा-शिवसेना के बीच राज्य में सरकार के गठन के प्रयासों में शामिल नहीं हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल पहले भाजपा को सरकार बनाने दें, क्योंकि वर्तमान में लोगों के जनादेश के अनुसार सिर्फ भाजपा-शिवसेना द्वारा सरकार बनाने का ही विकल्प उपलब्ध है. पवार ने भाजपा व शिवसेना को राज्य में राजनीतिक अस्थिरता को समाप्त करने और स्थिर सरकार देने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया.

अन्य खबरे