शिवसेना का अयोध्या से पुराना नाता : राऊत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
शिवसेना शुरुआती दौर से राम मंदिर निर्माण के समर्थन में रही है. उम्मीद है कि पांच अगस्त को प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन के लिए अयोध्या जाएं. शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि अयोध्या का शिवसेना से पुराना नाता रहा है। अयोध्या में राममंदिर बनने की सबसे बड़ी अड़चन शिवसैनिकों के बलिदान से दूर हुई है। राममंदिर निर्माण कार्यक्रम में जाने के लिए शिवसेना को किसी भी आमंत्रण की जरूरत नहीं है। राऊत ने शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अयोध्या जाने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार खुद उद्धव ठाकरे अयोध्या राममंदिर निर्माण में शामिल होने के लिए जा सकते हैं। राऊत ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि स्वर्गीय बाला साहेब ठाकरे के एक आदेश पर शिवसैनिकों ने राममंदिर का मार्ग प्रशस्त किया था। इसके बाद कोर्ट ने राममंदिर निर्माण की अनुमति दी है। इसलिए राममंदिर निर्माण के लिए न्यास बनाया गया है। न्यास ने राममंदिर निर्माण का सबसे पहला आमंत्रण प्रधानमंत्री को दिया है। राऊत ने कहा कि शिवसेना का राममंदिर से संबंध राजनीतिक नहीं है। उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बनने से पहले और मुख्यमंत्री बनने के बाद अयोध्या जा चुके हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस और एनसीपी द्वारा राम मंदिर से जुडी राजनीति और बयानबाज़ी भी शुरू है.