सीएम के खिलाफ उद्धव ठाकरे के बोल
संवाददाता/in24 न्यूज़
शिवसेनाप्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पर धोखा देने का संगीन आरोप लगाया है। उन्होंने यह आरोप रत्नागिरी में बनने वाले ऑइल रिफाइनरी में सऊदी अरेबिया के साथ समझौते के बाद लगाया है। आपको बता दें कि बुधवार को दिल्ली में रिफाइनरी परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल उत्पादक कंपनी अरमको के साथ करार किया है।
उसके बाद से शिवसेना इस मुद्दे पर आक्रामक है। मुंबई में रहने वाले कोंकण के लोगों ने भी गुरुवार को एक बैठक कर इस परियोजना का विरोध किया है। इस संदर्भ में उद्धव ठाकरे का कहना है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह वादा किया था कि यदि यदि लोगों ने विरोध किया तो रिफाईनरी नहीं आएगी, फिर दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री अपने वादे से कैसे मुकर गए ?
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र वासियों को धोखा दिया है और जनता उन्हें माफ़ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि वह इस रिफाइनरी का काम शुरू नहीं होने देंगे क्योंकि स्थानीय लोग इसके सख्त खिलाफ हैं। इस मसले पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि तीन लाख करोड़ के निवेश की यह रिफाइनरी परियोजना महाराष्ट्र के हित की परियोजना है। इससे रोजगार और औद्योगिकीकरण को गति मिलेगी। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास है धीरे-धीरे शिवसेना का विरोध खत्म हो जाएगा और सर्व सम्मति से सभी इस परियोजना का समर्थन करने लगेंगे।'