स्थानीय चुनाव में बीजेपी को पछाड़कर AAP चंडीगढ़ में आगे
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आम आदमी पार्टी की सफलता जारी है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की बल्ले बल्ले हो गई है। आम आदमी पार्टी को 14, भारतीय जनता पार्टी को 11, कांग्रेस को आठ और शिरोमणि अकाली को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजों में "आप" के प्रदर्शन पर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आप पहली बार इस चुनाव में उतरी थी। चंडीगढ़ की जनता ने हमारा भव्य स्वागत किया है, मैं सभी वोटर्स, पार्टी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया करता हूं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा। भाजपा को सबसे बड़ा झटका यह भी लगा कि वार्ड 17 से उसके मेयर रहे रविकांत शर्मा आम आदमी पार्टी के हाथों चुनाव हार गए। BJP के सीनियर डिप्टी मेयर महेशइंदर सिद्धू जीत तो गए मगर जीत का अंतर सिर्फ 11 वोट का रहा। इस बड़ी जीत से आम आदमी पार्टी में जोश दुगुना देखने को मिल रहा है।