हरियाणा में 2000 करोड़ रूपये की परियोजनाओं की पीएम मोदी ने रखी आधारशिला
संवाददाता/in 24 न्यूज़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हरियाणा के रोहतक में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में 2000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मोदी ने कहा कि ये संयोग ही है कि मैं केंद्र सरकार के नए कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर हरियाणा आया हूं। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बगैर विपक्ष पर तंज कसा। मोदी ने कहा कि 100 दिन से उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा है। वे चुनाव पराजय से इतने बेहाल हैं कि मन सुन्न हो गया। प्रधानमंत्री ने कहा, ''ये 100 दिन विकास और विश्वास के रहे हैं, देश में बड़े परिवर्तन के रहे हैं। ये 100 दिन निर्णय, निष्ठा और नेक नीयत के रहे हैं। इस बार संसद के सत्र में जितने बिल पास हुए हैं। उतना काम संसद के किसी सत्र में पिछले 6 दशकों में नहीं हुआ। सरकार कृषि से लेकर राष्ट्र की रक्षा और सुरक्षा से जुड़े बड़े निर्णय ले पाई। आतंकवाद से निपटने, मुस्लिम बहनों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए अनेक कानून बनाए गए। हम चुनौतियों से सीधे टकराना जानते हैं।