हर सोमवार ताजमहल में आरती करना चाहती है शिवसेना
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दुनिया की ख़ूबसूरती की मिसाल पेश करने में ताजमहल का अपना अंतर्राष्ट्रीय स्थान है. पूरी दुनिया से लोग ताजमहल का दीदार करने आते हैं. मगर अब इस ताजमहल की चमक पर राजनीति का छींटा पड़ना भी शुरू हो गया है. गौरतलब है कि शिवसेना की सावन के प्रत्येक सोमवार ताजमहल में आरती करने की चेतावनी के बाद आगरा जिला प्रशासन ने ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा और बढ़ा दी है. इस बाबत भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण संस्थान ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि प्राचीन धरोहर और पुरातात्विक साइट्स और भग्नावशेष कानून 1958 के अनुसार संरक्षित इमारत में किसी भी तरह का धार्मिक अनुष्ठान या नई परंपरा की शुरुआत की मनाही है. इसके उलट शिवसेना का दावा है कि शाहजहां द्वारा 17वीं शताब्दी में बनवाया गया ताजमहल वास्तव में तेजो महालय नाम का शिव मंदिर है. जानकारी के मुताबिक 17 जुलाई को आगरा शिवसेना के शहर अध्यक्ष वीनू लवणिया को ताजमहल में आरती करने से पहले ही पुलिस ने रोक लिया था. इसके बाद वीनू ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के इस कदम का विरोध कर आदेश को चुनौती दी है. वीनू का कहना है कि ताजमहल मकबरा नहीं होकर, भगवान शिव का मंदिर तेजो महालय है. ऐसे में सावन के पवित्र महीने के प्रत्येक सोमवार को तेजो महालय में आरती की जाएगी. इसके बाद से ही ताजमहल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस बाबत एएसआई के आगरा परिक्षेत्र के सुप्रिटेंडिंग आर्कियोलॉजिस्ट वसंत स्वर्णकार का कहना है कि ताजमहल में आज तक कोई आरती या किसी किस्म की पूजा नहीं की गई है.