पंजाब में सियासी घमासान के बीच सिद्धू ने प्रियंका से की मुलाक़ात

 30 Jun 2021  595

संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब कांग्रेस में सियासी कलह लगातार देखने को मिल रही है। इसी सियासी घमासान के बीच कांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मुलाकात की। सिद्धू ने प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की एक तस्‍वीर ट्विटर पर भी शेयर की है। इस तस्वीर में सिद्धू आत्‍मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे हैं और प्रियंका के चेहरे पर मंद मुस्‍कान है। तस्वीर के साथ सिद्धू ने लिखा है कि उनके और प्रियंका गांधी के बीच लंबी बैठक हुई है। सिद्धू मंगलवार को ही पटियाला से दिल्ली आए थे जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह राहुल और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। गौर हो कि 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने जा रहे है लेकिन पंजाब कांग्रेस में चल रही उथल पुथल थमने का नाम नहीं ले रही। बीते दिनों सिद्धू ने बरगाड़ी और कोटकपुरा फायरिंग मामले में अपने ट्विटर अकाउंट से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा था। जिसके बाद पंजाब कांग्रेस में चल रही आंतरिक कलह सतह पर आ गई थी। बता दें कि पंजाब में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू के बीच 36 का आंकड़ा अबतक बना हुआ है।