लंबी बीमारी से कल्याण सिंह का निधन

 22 Aug 2021  521

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण शनिवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। कल्याण सिंह तबीयत खराब होने के कारण लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में चार जुलाई से भर्ती थे। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने हर दिन उनके स्वास्थ्य का हाल लिया और उनके निर्देश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार निगरानी करते रहे। कल्याण सिंह ने एक भाषण में कहा था-  'मैंने अपना जीवन भाजपा के लिए समर्पित किया है, मैं चाहता हूँ कि मरूं तो मेरा शव भी भाजपा के झंडे में ही जाए।' भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का पार्टी के साथ ही भारतीय राजनीति में कद काफी विशाल था। अयोध्या में विवादित ढांचा के विध्वंस के समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक थे। कल्याण सिंह के निधन से भारतीय राजनीति में शोक की लहर है।