प्याज के मुद्दे पर संसद परिसर में चिदंबरम ने किया प्रदर्शन

 05 Dec 2019  691
संवाददाता/in24 न्यूज़ 
 देश भर में प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं और विपक्षी दल इस मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने आज संसद परिसर में प्याज की कीमतों को लेकर प्रदर्शन किया। जमानत मिलने के बाद आज संसद पहुंचे पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस सांसदों के साथ चिदंबरम ने पोस्टर लेकर बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया।  प्याज की कीमतों को लेकर कांग्रेस सांसदों ने संसद में प्रदर्शन किया। उनके हाथों में 'महंगाई पर प्याज की मार, चुप क्यों है मोदी सरकार', 'कैसा है ये मोदी राज, महंगा राशन, महंगा प्याज' जैसे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। पी. चिदंबरम भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। चिर-परिचित अंदाज में पूर्व वित्त मंत्री पारंपरिक परिधान में संसद पहुंचे और एक पोस्टर लेकर कांग्रेस सांसदों के साथ खड़े हुए। अन्य सांसद इस दौरान नारे भी लगा रहे थे, लेकिन पूर्व वित्त मंत्री मुस्कुराते हुए पोस्टर लेकर खड़े रहे।इससे पहले प्याज कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद भी प्रदर्शन कर चुके हैं। आप सांसद संजय सिंह और सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार को प्याज की बढ़ती कीमतों के लिए जिम्मेदार ठहराया। आप सांसदों ने आरोप लगाया था कि गोदाम में प्याज सड़ गया, लेकिन केंद्र सरकार ने उसे कम कीमत पर लोगों तक पहुंचाने का काम नहीं किया।