11 लाख लोगो के हस्ताक्षर से पीएम मोदी का धन्यवाद

 22 Dec 2019  703
संवाददाता/in24 न्यूज़।  
दिल्ली के रामलीला मैदान में बीजेपी द्वारा आयोजित रैली को पीएम मोदी ने किया संबोधित। केंद्र सरकार ने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों में लोगों को उनके मकान व भूखंड का मालिकाना हक देने का फैसला किया है। इसके लिए रैली में 11 लाख लोगों के हस्ताक्षर की हुई प्रति भेंटकर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया गया। रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा नेता पिछले कई दिनों से काम कर रहे थे। अलग-अलग स्थानों विशेषकर अनधिकृत कॉलोनियों में नुक्कड़ सभाएं, पदयात्रा व अन्य कार्यक्रम आयोजित करके लोगों से रैली में पहुंचने की अपील की जा रही थी। शनिवार को भी पूरे दिन नेता तैयारी में व्यस्त रहे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, राज्यसभा सदस्य विजय गोयल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य नेताओं ने तैयारियों की समीक्षा की।पूरे रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य भाजपा नेताओं के कटआउट लगाए गए हैं। आसपास के इलाके को भी मोदी की तस्वीर वाले कटआउट और भाजपा के झंडों से सजाया गया है। रैली के लिए 80 फीट चौड़ा भव्य मंच तैयार किया गया है, जिस पर तीस नेताओं के बैठने की व्यवस्था है। मंच पर दो एलईडी स्क्रीन लगाई गयी। इसके साथ ही पंडाल में आठ और रामलीला मैदान के बाहर चार एलईडी स्क्रीन भी लगाई गयी. ताकि लोग आसानी से प्रधानमंत्री व अन्य नेताओं का भाषण सुन सकें।प्रधानमंत्री के साथ मंच पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, केंद्रीय मंत्री व दिल्ली के चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर, सह प्रभारी हरदीप सिंह पुरी व नित्यानंद राय, दिल्ली भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू व सहप्रभारी तरुण चुघ, दिल्ली के सभी सांसद, राज्यसभा सदस्य विजय गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंत्री आरपी सिंह व महेश गिरी, मिजोरम के प्रभारी पवन शर्मा, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी मंच संचालन की भूमिका निभा रहे थे। भाजपा के सभी मोर्चों के साथ ही भाजपा के मंडल अध्यक्षों को अपने क्षेत्र से लोगों को रैली में लाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए लगभग 35 सौ बसों की व्यवस्था की गई । सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे।