अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर राज ठाकरे ने उठाए सवाल, DGCA की भूमिका पर भी साधा निशाना
अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एयर इंडिया का एक बोइंग ड्रीमलाइनर विमान, जो सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हुआ था, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कुल 265 लोगों की मौत हो गई।स दुर्घटना के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे का एक फेसबुक पोस्ट चर्चा में आ गया है। उन्होंने इस हादसे को लेकर विमानन नियामक DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) और बोइंग कंपनी पर सवाल उठाए हैं।
राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में लिखा,
"हालांकि मैं विमानन तकनीक का विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन मैंने बोइंग ड्रीमलाइनर को लेकर पहले भी कई समस्याएं पढ़ी थीं। जापान एयरलाइंस के एक ड्रीमलाइनर विमान में 2013 में आग लगने की घटना पहली बार सामने आई थी। इसके बाद इस मॉडल से जुड़ी कई शिकायतें आई हैं। फिर भी DGCA ने कोई कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की?"राज ठाकरे ने पोस्ट में ड्रीमलाइनर विमानों से जुड़ी पुरानी घटनाओं का उल्लेख करते हुए यह भी सवाल उठाया कि क्या यात्रियों की सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है? उन्होंने यह भी मांग की कि इस हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए तथा दोषियों को सजा दी जाए।