CM देवेंद्र फडणवीस ने की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की समीक्षा, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार, 19 जून को महाराष्ट्र की फ्लैगशिप इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित इस बैठक में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और जिला कलेक्टरों के साथ राज्य की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायज़ा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
भूमि अधिग्रहण मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश
सीएम फडणवीस ने विशेष रूप से वर्धा–नांदेड रेलवे लाइन और अन्य बड़ी परियोजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि समयसीमा का पालन अनिवार्य है, ताकि लागत न बढ़े और आम नागरिकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण का कार्य मिशन मोड में और तय समयसीमा में पूरा किया जाए।
सीएम द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:
शक्तिपीठ महामार्ग का प्रारूप 'गतिशक्ति' पोर्टल पर तैयार किया जाए ताकि वन भूमि पर प्रभाव कम से कम हो।
इस परियोजना के लिए ₹12,000 करोड़ की राशि वित्त विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाए।
विरार–अलीबाग कॉरिडोर के मोरबे-कारंजा खंड की वन स्वीकृतियां और प्रशासनिक कार्यवाहियां तेज हों।
वधावन–इगतपुरी एक्सप्रेसवे के लिए ‘सागरमाला’ योजना में प्रस्ताव भेजा जाए।
जालना–नांदेड मार्ग के सेलू क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण 15 दिनों में पूरा किया जाए।
भंडारा–गडचिरोली, नागपुर–गोंदिया और नागपुर–चंद्रपुर एक्सप्रेसवे को 'गतिशक्ति' पोर्टल पर डालकर अंतिम रूप दिया जाए।
गडचिरोली एयरपोर्ट के लिए OLS (विघ्न सीमा सर्वेक्षण) का प्रस्ताव जिलाधिकारी भेजें।
अकोला एयरपोर्ट की रनवे लंबाई 2400 मीटर तक बढ़ाकर उसे आधुनिक बनाया जाए।
इन 11 प्रमुख परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु ₹53,354 करोड़ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा की गई प्रमुख परियोजनाएं:
राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) की परियोजनाएं:
शक्तिपीठ महामार्ग
मल्टी-मॉडल कॉरिडोर (MMC)
जालना–नांदेड एक्सप्रेसवे
पुणे रिंग रोड (पश्चिम, पूर्व और पूर्व विस्तार)
वधावन–इगतपुरी एक्सप्रेसवे
विदर्भ क्षेत्र की बड़ी परियोजनाएं:
भंडारा–गडचिरोली एक्सप्रेसवे
नागपुर–चंद्रपुर एक्सप्रेसवे
नागपुर–गोंदिया एक्सप्रेसवे
नवगांव (मोर)–सुरजागढ़ खनिज कॉरिडोर
प्रमुख रेलवे परियोजनाएं:
वर्धा–नांदेड रेल लाइन
वडसा–गडचिरोली रेल परियोजना
एयरपोर्ट विकास परियोजनाएं:
कोल्हापुर एयरपोर्ट
कराड एयरपोर्ट
अकोला एयरपोर्ट
गडचिरोली एयरपोर्ट
छत्रपति संभाजीनगर एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं को तय समय में पूर्ण करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि महाराष्ट्र के विकास की गति और तेज़ की जा सके।