महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनी सुनेत्रा पवार, अजित पवार अमर रहे के लगे नारे
एनसीपी के दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ ले ली है। शनिवार को एनसीपी की बैठक में सुनेत्रा पवार को एनसीपी का विधायक दल का नेता चुना गया था। अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे में निधन के बाद अब सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है।
अजित पवार के निधन से बारामती के लोगों में शोक का माहौल है। इसी कारण सुनेत्रा पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की विधायक दल की प्रमुख चुनी जाएंगी। इसके बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शाम पांच बजे एनसीपी की नेता सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
सूत्रों की मानें तो वित्त एवं योजना विभाग को छोड़कर अजित पवार के पास रहे सभी विभाग सुनेत्रा पवार को सौंपे जाएंगे। अजित पवार के पास वित्त एवं योजना, राज्य उत्पाद शुल्क, खेल एवं अल्पसंख्यक मामलों के विभाग थे। वित्त एवं योजना विभाग को छोड़कर बाकी सभी विभाग सुनेत्रा पवार को दिए जाएंगे।
सुनेत्रा पवार 2024 के लोकसभा चुनाव तक सुर्खियों से दूर रहीं। उसी वर्ष हुए आम चुनाव में उन्होंने अपने पति की पार्टी की उम्मीदवार के रूप में बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा लेकिन प्रतिष्ठा की लड़ाई में अपनी ननद यानी एनसीपी एसपी की सांसद सुप्रिया सुले से हार गईं। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं थी।