Breaking News

पीएम मोदी कल करेंगे मणिपुर दौरा, कई परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

12 Sep, 2025 260

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर दौरे पर जाएंगे। साल 2023 में हुई हिंसा के बाद से यह प्रधानमंत्री का पहला मणिपुर दौरा होगा। मणिपुर के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने पहुंचेंगे।

पुनीत कुमार गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी पहले मिज़ोरम से चुराचांदपुर पहुंचेंगे और फिर इंफाल के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा, मणिपुर के समावेशी और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का मणिपुर दौरा राज्य में शांति, सामान्य स्थिति और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंसा से सबसे ज़्यादा प्रभावित चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। आधारशिला समारोह के बाद, प्रधानमंत्री मोदी राजधानी इंफाल में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले 1,200 करोड़ रुपये से ज़्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

मणिपुर के अलावा, प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल और बिहार जाने से पहले मिजोरम और असम सहित अन्य पूर्वोत्तर राज्यों का भी दौरा करेंगे। कल वह अपने दौरे की शुरुआत मिजोरम से करेंगे, जहां वह आइजोल में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह मणिपुर जाएंगे। शाम को प्रधानमंत्री गुवाहाटी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए असम जाएंगे।

14 सितंबर को प्रधानमंत्री एक बार फिर असम में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा और औद्योगिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। वह कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन-2025 का उद्घाटन करने के लिए पश्चिम बंगाल भी जाएंगे।

अन्य खबरे