Breaking News

पूर्व मेयर ने छोड़ा उद्धव ठाकरे साथ, एकनाथ शिंदे की शिवसेना का थामा हाथ

29 Apr, 2025 159

संवाददाता/in24 न्यूज़।  

बीएमसी के चुनावों से पहले एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका दिया है। मुंबई के पूर्व महापौर और यूबीटी  के उपनेता दत्ता दलवी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ उपमुख्यमंत्री शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर शिवसेना प्रमुख और डिप्टी सीएम शिंदे ने बड़ा हमला बोलते हुए  कहा कि अंग्रेजों के बाद मुंबई की सड़कों की सफाई करने वाली पहली पार्टी महायुति थी,लेकिन उससे पहले कुछ लोगों ने मुंबई के खजाने की सफाई कर दी थी। शिंदे ने नाम लिए बगैर ही उद्धव ठाकरे पर हमला बोला। बीएमसी चुनाव अक्टूबर में होने की उम्मीद जताई जा रही है। दत्ता दलवी 2005 से 2007 तक मुंबई के मेयर रह चुके हैं। वह लगातार तीन बार पार्षद चुने जा चुके हैं। डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि कुछ लोग मुंबई महानगरपालिका को अपनी जागीर समझते हैं, हालांकि, महागठबंधन सरकार के सत्ता में आने के बाद, मुंबई में रुकी हुई परियोजनाओं को फिर से शुरू किया गया। सरकार मुंबई वासियों को अच्छे आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। अब तक यूबीटी से 45 से 50 नगरसेवक अपनी मूल शिवसेना में वापस लौट चुके हैं।

     मुंबई महानगरपालिका में विभिन्न दलों के लगभग 70 मौजूदा नगरसेवक शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इसलिए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विश्वास जताया कि भगवा गठबंधन मुंबई नगर निगम पर भी अपना प्रभाव फैलाएगा।डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि विधानसभा में हमने 80 सीटों पर चुनाव लड़ा और 60 पर जीत हासिल की, जबकि यूबीटी ने 100 सीटों पर चुनाव लड़ा और केवल 20 सीटें जीतीं। लोगों ने पुष्टि कर दी है कि असली शिवसेना कौन है। शिंदे ने कहा कि अब स्थानीय निकाय के चुनावों में महायुति का भगवा ध्वज फहराया जाना चाहिए। लोग क्यों छोड़ते हैं, इस पर आत्मचिंतन करने के बजाय, उन पर आरोप लगाया जाता है। शिंदे ने कहा कि आप उन्हें कचरा कहते हैं, लेकिन एक व्यक्ति सही और लाखों लोग गलत कैसे हो सकते हैं? हम पहलगाम में हुए हमले की निंदा करते हैं। शिवसेना और सरकार पूरी तरह से पर्यटकों के साथ है। हालांकि, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि किसी को भी इस घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
 

अन्य खबरे