पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ लगा रही युवती की जान गई

 05 Apr 2021  1217

संवाददाता/in24 न्यूज़  
बिहार के गोपालगंज के मिंज स्टेडियम में बिहार पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ लगा रही एक युवती की मौत हो गई। सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के भलुही गांव के राघो महतो की पुत्री निभा कुमारी अपने एक रिश्तेदार के घर गोपालगंज शहर के बंजारी मोहल्ले में रहती थी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि युवती सोमवार की सुबह शहर के मिंज स्टेडियम में दौड़ लगाने के लिए गई थी। दौड़ने के दौरान ही उसे चक्कर आया और वह बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों और परिवार के सदस्यों की मदद से इलाज के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के क्रम में उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत के बाद उसके परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह बचपन से ही बिहार पुलिस में भर्ती होने की चर्चा करती थी। इसी को लेकर वह हर रोज शहर के मिंज स्टेडियम में दौड़ लगाने के लिए आती थी। सोमवार को भी वह दौड़ लगाने के लिए पहुंची थी। जहां उसे चक्कर आया और वह बेहोश हो गई। वहीं इसके बाद इलाज के लिए उसे गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग  हादसे के बाद सदमे में हैं।